बावल। औद्योगिक क्षेत्र में जयपुर नेशनल हाईवे सांजरपुर कट के पास खाली जगह पर पड़े स्क्रैप में बुधवार सुबह आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दो दिन में आगजनी की दूसरी घटना सामने आने से औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नेशनल हाईवे की सर्विस रोड के समीप खाली जगह पर विभिन्न कंपनियों की ओर से स्क्रैप डाला जाता है। बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे इसी स्क्रैप में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में हलचल मच गई। लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकलकर्मी चार गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ---------------- दो दिन में दूसरी बार आगजनी बावल औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को भी आगजनी की घटना हुई थी। दशहरे की छुट्टी के दौरान मोबाइल फोन बनाने वाली डीबीजी कंपनी के स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई थी। छुट्टी होने के कारण कंपनी में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। आग से स्क्रैप का सामान जलकर राख हो गया था। दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। इसके अगले ही दिन सर्विस रोड के पास स्क्रैप में आग लगने की घटना सामने आ गई।