नारनौल। मंगलामुखी समाज के प्रधान विनोद सैनी सुसाइड मामले को करीब चार सप्ताह बीतने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों और समर्थकों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में एडवोकेट प्रमोद तरेडिया और दीक्षित सैनी ने कहा कि वे मामले की जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जांच जिस दिशा में चल रही है, वह सही नहीं है। एडवोकेट प्रमोद तरेडिया ने कहा कि मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जांच में किसी की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन बिना ठोस जानकारी के इस संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कुछ लोगों के माध्यम से जानकारी मिली है कि कुछ आला अधिकारी जांच को दूसरी दिशा में ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बरती गई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जांच अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की जाएगी।