नारनौल। शहर के सबसे व्यस्ततम महावीर चौक पर सड़क किनारे खड़े वाहन जाम का सबसे बड़ा कारण बन गए हैं। करीब 35 फीट चौड़ी सड़क वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से महज 18 से 20 फीट की रह जाती है। इसका खामियाजा रोजाना आवागमन करने वाले लोगों के साथ-साथ दुकानदारों को भी भुगतना पड़ रहा है। महावीर चौक के आसपास कोई स्थायी पार्किंग नहीं है, जबकि जिले के गांवों के अलावा समीपवर्ती राजस्थान से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कामों के लिए इसी मार्ग से आते-जाते हैं। हरियाली तीज से दिवाली तक त्योहारी सीजन में यहां आवागमन दोगुना हो जाता है। पार्किंग न होने से लोग मजबूरी में सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। इसी को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों ने त्योहारी सीजन में अस्थायी पार्किंग की मांग उठाई है।