नारनौल। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की ओर से सोमवार को गांव चंदपुरा में किसानों और भूमिहीन ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर जनसभा आयोजित की गई। सभा की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मुख्य वक्ता राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि किसानों को फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। ग्रामीण गरीबों को पर्याप्त रोजगार नहीं मिलने और महंगाई बढ़ने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने 26 अक्टूबर को रोहतक के नांदल भवन, बोहर में प्रस्तावित महापंचायत में किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं से शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने फसलों की C2+50 प्रतिशत लागत के आधार पर कानूनी एमएसपी, कर्जमाफी, रोजगार, फसल खराबे का मुआवजा और मनरेगा में 200 दिन काम की मांग उठाई। वक्ताओं ने भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते पर भी चिंता जताई। सभा में डॉ. व्रतपाल सिंह, सुबे सिंह, डॉ. राजेंद्र प्रसाद खरब सहित अन्य लोग मौजूद रहे।