हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से चल रही पटौदी ट्रॉफी में महेंद्रगढ़ जिले की टीम ने लगातार अपना चौथा मुकाबला जीतकर सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है। मंगलवार को रोहतक के क्रिकेट स्टेडियम में रेवाड़ी के साथ हुए मुकाबले में महेंद्रगढ़ ने रेवाड़ी को सात विकेट से हराकर सुपर-8 में स्थान पक्का किया है। अब पटौदी ट्रॉफी के सभी मुकाबले नॉक आउट आधार पर खेले जाएंगे। महेंद्रगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के प्रबंधक प्रवीण तिवाड़ी ने बताया कि मंगलवार को आयोजित 50-50 ओवर के मुकाबले में महेंद्रगढ़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्र रक्षण का निर्णय लिया। महेंद्रगढ़ टीम के टीनू गोयल की कसी हुई गेंदबाजी के सामने रेवाड़ी के बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक पाए। टीनू गोयल ने आठ ओवरों में 27 रन देकर लिए चार विकेट झटके। वहीं आयुष ने तीन व अनिश कुमार ने लिए दो विकेट लेकर रेवाड़ी को 27 ओवर में ऑल आउट कर दिया।