नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर महेंद्रगढ़ नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को नगरपालिका के सामने झाडू प्रदर्शन कर मांगें उठाई। सफाई कर्मचारी प्रधान पूर्णचंद की देखरेख में रोष-प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने नगर पालिका कर्मचारी संघ के साथ हुए समझौते को लागू नहीं किया तो सफाई कर्मचारी आने वाली 16 मई को भूख हड़ताल करेंगे। अगर फिर भी सरकार ने चेत नहीं किया तो 20 मई को राष्ट्रीय व्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि उनकी मुख्य मांगे, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, पुरानी पेंशन बहाल करना, 27 हजार न्यूनतम वेतन लागू करना, मानी गई मांगों के पत्र जारी करना, आठ फरवरी 2023 को हरियाणा सरकार ने प्रदेश में 4298 कच्चे कर्मचारियों व 68 सीवर मैन को पक्का करने का पत्र जारी किया जिसपर अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा हटाए गए कर्मचारियों को काम पर वापस लेना, कर्मचारी की मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये व उसके परिवार को पक्की नौकरी देना, पांच हजार जोखिम भत्ता लागू करना, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये का लाभ देना मुख्य मांगें हैं। इस मौके पर प्रधान पूर्ण कुमार, राहुल, विक्की, पंकज, महेंद्र, आरती, रामपाल, धीरज, शम्मी, रवि, रोहित, विकास, बिरजु, राजेश, विजय, देवानंद, गुलशन, दीपक,संदीप, विशाल, अन्नु, भूपेंद्र, राहुल सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।