बिजली कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन : हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियरिंग एसोसिएशन के सांझा संयुक्त संघर्ष मोर्चा व अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ एचकेआरएन के आह्वान पर बुधवार को नारनौल सब-डिवीजन कार्यालय में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया व फैसले की प्रति जलाकर रोष जताया। प्रदर्शन की अध्यक्षता महेंद्र पाल ने की और संचालन यूनिट प्रधान बीरेंद्र यादव ने किया। केंद्रीय परिषद के सह-सचिव सुभाष रोहिल्ला व एएचपीसी सर्कल सचिव किरोड़ी मल सैनी ने कहा कि लंबित मांगों को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 22 से 24 अक्तूबर तक बिजली कर्मचारी व अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। जिसमें सर्कल के 602 एचकेआरएन व 544 नियमित कर्मचारी शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा गुरुग्राम व फरीदाबाद की बिजली व्यवस्था निजी कंपनी के हाथों में सौंपने का फैसला पूरी तरह गलत है। बिजली कर्मचारी और अधिकारियों की मेहनत से ही आज गुरुग्राम बिजली निगम पूरे हरियाणा के राजस्व का आधे से ज्यादा हिस्सा भर रहा है। इस अवसर पर एसडीओ लोकेश कुमार, आदित्य वर्मा, सोमबीर, अश्विनी सहित अनेक कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।