गांव थनवास में करीब 40 साल पुरानी पेयजल सप्लाई लाइन ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीण शिवलाल ने बताया कि पेयजल लाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण उसके ऊपर बनी गंदे पानी की नाली का पानी पाइपलाइन में जाने की आशंका बनी हुई है। शिवलाल के अनुसार, पाइपलाइन जगह-जगह से टूट चुकी है और नाली का गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है। इसके चलते वाल्मीकि बस्ती और बावरिया बस्ती समेत गांव के करीब आधे हिस्से के लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दूषित पानी के सेवन से गांव के बच्चे, महिलाएं और पुरुष बीमार पड़ रहे हैं। लंबे समय से बनी इस समस्या के बावजूद समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पुरानी पेयजल लाइन को जल्द बदलवाकर नाली से अलग नई पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।