कुरुक्षेत्र। सोमवार देर श्याम नहाने के दौरान नरवाना ब्रांच नहर में बहे किशोर वरुण का आज दूसरे दिन भी दोपहर तक सुराग नहीं लग पाया है। स्थानीय गोताखोरों की टीम ने प्रयास के बाद आगे तलाश करने से इनकार कर दिया है जिसके चलते गोताखोरों की एक टीम अंबाला से बुलाई गई। लेकिन यह टीम भी करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद भी वरुण को तलाश नहीं पाई। उधर बड़ी संख्या में परिजन व आसपास के लोग कड़ी धूप के बीच नहर किनारे वरुण के मिलने की आस में खड़े हुए हैं तो वही परिजन रात भर भी नहर पर पहरा देते रहे। आठवीं कक्षा का छात्र वरुण सोमवार को शाम के समय अपने तीन दोस्तों के साथ नहर पर नहाने चला गया था जहां पर वह पानी के तेज बहाव में बह गया। चाचा रामवीर ने बताया कि वरुण तैरना भी नहीं जानता और कभी पहले वह नहर में नहाया भी नहीं। दो भाइयों में छोटा वरुण अपने स्कूल और घर तक ही सीमित रहता था।