संगठन की मजबूती से लेकर अनुशासन व आमजन के बीच उतरने के खास सियासी गुर लेकर हरियाणा व उत्तराखंड के कांग्रेस जिला वीरवार को कुरुक्षेत्र से रवाना हुए। पार्टी संगठन को मजबूत करने, आम जन तक पकड़ बनाने व कर्म करने का संदेश लेते हुए धरातल पर पसीना बहाने का संकल्प लिया। अब नए स्वरूप में फील्ड में दिखाई देंगे। इसी उम्मीद व भरोसे के साथ एक-दूसरे के गले मिलते हुए सभी जिलाध्यक्षों ने विदाई ली। पंजाबी धर्मशाला में चली 10 दिवसीय कार्यशाला के अंतिम दिन वीरवार को सुबह का सत्र हुआ, जिसमें उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा, पार्टी नेता सचिन राव आदि ने उन्हें खास टिप्स दिए तो वहीं उत्साह बढ़ाते हुए अब लक्ष्य हासिल करने तक न रूकने का आह्वान किया। जिलाध्यक्षों ने भी आश्वस्त किया कि न केवल पार्टी इकाई बल्कि जमीनी स्तर पर भी इस बदलाव के साथ कड़ी मेहनत की जाएगी। कार्यशाला संपन्न होने के दौरान सभी जिलाध्यक्षों को यहां प्रशिक्षण लिए जाने का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उन्हें संविधान की प्रस्तावना का पत्र भी खास फ्रेम में प्रदान किया गया और आह्वान किया गया कि इस पर बेहद गूढ़ रूप से खरा उतरना होगा।