नगर निकाय के सफाई कर्मचारी आज शुक्रवार को भी सुबह से ही धरने पर बैठ गए। वहीं कर्मचारी उस समय भड़क उठे जब उन्हें शहर के शास्त्री बाजार के समीप जेसीबी से कचरा उठाए जाने की सूचना मिली। कर्मचारी मौके पर ही पहुंच गए और थानेसर इकाई प्रधान सुनील लोहाट के नेतृत्व में जमकर रोष जताया। नगर प्रशासन की ओर से कचरा उठान कार्य रूकवा दिया गया तो वहीं जेसीबी भी वापस हटानी पड़ी। इसके बाद भी कर्मचारी कड़ा रोष जाहिर करते रहे। वहीं कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हाेंगी तब तक न ड्यूटी पर लौटेंगे और न ही प्रशासन के प्रयास सफल होने दिए जाएंगे। सुनील लोहाट ने बताया कि प्रशासन व सरकार कार्रवाई के नाम पर डराना चाहती है लेकिन कर्मचारी अपनी हड़ताल पर अडिग है।13 सितंबर को होने वाली महापंचायत के लिए भी रणनीति बनाई जा रही है। इस महापंचायत में प्रदेश भर से कर्मचारी जुटेंगे और बड़ा फैसला लिया जाएगा।