फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उठान के दावों से मंडी फुल, सड़कों तक पहुंचीं धान की ढेरियां

करनाल। अनाज मंडियों में धान के उठान को तेज करने के सरकारी दावों के बीच जमीनी हालात अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। खरीदे गए धान का उठान धीमा होने से मंडियों में जगह का संकट गहराने लगा है। शेडों के नीचे बोरियों और कट्टों के ढेर लगे हैं, जबकि बाहर खाली जगह नहीं बचने के कारण धान की ढेरियां सड़कों तक पहुंचने लगी हैं। ऐसे में फसल लेकर मंडी पहुंच रहे किसानों को ढेरी लगाने के लिए जगह तक नहीं मिल रही। वहीं, आढ़ती दुकानों के सामने धान डालने से इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि खुले में रखी फसल की रखवाली करना उनके लिए संभव नहीं है। किसानों का कहना है कि सरकार खरीद के 24 घंटे के भीतर उठान कराने के दावे कर रही है, लेकिन मंडियों में धान कई दिनों तक पड़ा रहता है। उठान में देरी का सीधा असर नई फसल की आवक और खरीद प्रक्रिया पर पड़ रहा है। किसानों ने मांग की है कि मंडियों में जगह खाली कराने के लिए खरीदे गए धान का उठान जल्द कराया जाए, ताकि नई फसल की ढेरियां लगाने में परेशानी न हो। किसान संदीप ने बताया कि वह शनिवार को धान लेकर मंडी पहुंचा, लेकिन ढेरी लगाने के लिए जगह नहीं मिली। उसने आढ़ती से संपर्क किया तो दुकान के सामने धान डालने से साफ इन्कार कर दिया गया। आढ़ती का कहना है कि दुकान के बाहर धान रखने पर उसकी रखवाली कौन करेगा। ऐसे में किसान के सामने फसल रखने का संकट खड़ा हो गया है। संदीप के अनुसार, वह पांच दिन पहले भी धान लेकर मंडी पहुंचा था, लेकिन उसकी फसल अभी तक नहीं बिकी है। किसान ने बताया कि खेत में धान की कटाई का काम भी कराना है। मंडी में पहले से लाई गई फसल की खरीद नहीं होने के कारण आगे की कटाई प्रभावित होने की आशंका है। यदि मंडी में जगह नहीं मिली और खरीद में देरी जारी रही तो किसानों की परेशानी और बढ़ेगी। मंडियों में पड़ा खरीदा गया 63,324.38 एमटी धान जिले की अनाज मंडियों में शनिवार तक 2.14 लाख एमटी धान की आवक हुई है। आवक में से 89,623.09 एमटी धान की खरीद की गई। इसमें से केवल 26,301.71 एमटी फसल का ही उठान किया गया है। मंडियों में 63,324.38 एमटी धान उठान का इंतजार कर रहा है। वर्जन एजेंसियों को खरीदे गए धान के उठान का कार्य 24 घंटे में करने को कहा गया है। धान के उठान के कार्य में तेजी लाई जाएगी। जल्द उठान कराकर किसानों को जगह उपलब्ध कराई जाएगी। - सुनील ढुल, मंडी सुपरवाइजर, करनाल

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें