करनाल। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में मंगलवार को इंदिरा एकादशी के अवसर पर श्री श्याम बाबा एकादशी कीर्तन मंडल की ओर से कीर्तन का आयोजन किया गया। कीर्तन में नीलोखेड़ी के कलाकार पंडित देवी दयाल शर्मा ने ये सुंदर दरबार सुहाना लगता है, भक्तों का तो दिल दिवाना लगता है भजन गाकर सभी को भाव विभोर कर दिया। वहीं कलाकार शशिकांत शर्मा ने पकड़ लो हाथ बनवारी, नही तो डूब जाएगे और होके नीले पर सवार, खाटू नगरी से आया है कोई जादूगर भजन गाकर सभी को नाचने पर मजबूर कर दिया। एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम के स्वरूप का सफेद फूलों से शृंगार किया गया। बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु सुबह से ही लंबी-लंबी कतारों में लगे रहे। इस मौके पर पंडित दीपक पांडे ने श्रद्धालुओं को इंदिरा एकादशी का महत्व बताते हुए कहा कि इंदिरा आश्विन मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली एकादशी है। यह व्रत मुख्य रूप से भगवान विष्णु की पूजा और पितरों की मोक्ष प्राप्ति के लिए रखा जाता है। इस व्रत को करने से जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और भगवान विष्णु की कृपा से रुके हुए कार्य पूरे होते हैं। मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि हर एकादशी पर मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण गोयल, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला और हरीश के साथ अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।