कैथल। कैथल-जींद मार्ग पर गांव किठाना के पास मंगलवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक रेहड़ी सवार 12वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रहा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राजौंद पुलिस को दिए बयान में जींद जिले के अलेवा निवासी साहिल ने बताया कि वे दो भाई हैं। उसका छोटा भाई नितिन 12वीं कक्षा में पढ़ता था। उनकी गांव किठाना में जींद-कैथल रोड पर महादेव आयरन एंड स्टील के नाम से दुकान है। दोनों भाई अक्सर दुकान पर आते-जाते थे। मंगलवार शाम करीब 6:40 बजे नितिन दुकान पर आया हुआ था। इसके बाद वह दुकान पर काम करने वाले मांडी कलां निवासी जयदेव के साथ मोटरसाइकिल रेहड़ी पर किसी काम से कैथल की तरफ जा रहा था। दुकान से कुछ दूरी आगे पहुंचने पर पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी रेहड़ी में टक्कर मार दी। दुर्घटना में नितिन और जयदेव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस और राहगीरों की मदद से दोनों को एंबुलेंस के जरिये नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने नितिन को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि जयदेव को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया। पुलिस के अनुसार घायल जयदेव के होश में आने के बाद दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी मिल सकती है। नितिन के परिवार में माता पिता के अलावा उसका एक बड़ा भाई है। ------------ धारा 281, 125(ए), 106 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज राजौंद थाना प्रभारी हरपाल ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के भाई साहिल के बयान दर्ज किए। चिकित्सकीय रिपोर्ट और बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने के लिए जांच में जुट गई है।