बीडीपीओ परिसर में बनी दुकानों की लंबाई बढ़ाने के मामले में आज एक बार फिर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस व एसडीएम गुहला कैप्टन प्रमेश सिंह के बीच तीखी झड़प हुई। सोमवार को विधायक देवेंद्र हंस ने अपने कुछ समर्थकों के साथ एसडीएम कार्यालय में धरना देने पहुंचे थे। उन्होंने मामले में अब तक की गई कार्रवाई के बारे में एसडीएम से जवाब सवाल किए। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने मामले की गहनता से जांच कर ली है। भूमि सरकार की है, पंचायत समिति दुकानों की लंबाई बढ़ाने या ना बढ़ाने का फैसला लेने में पूरी तरह से सक्षम है। एसडीएम के इस जवाब से विधायक देवेंद्र हंस संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने पास खड़े एक व्यक्ति की जेब में से प्लास्टिक का झूंझना निकाल एसडीएम को थमाने का प्रयास करते हुए कहा कि आपसे कुछ नहीं होगा। आप यह झूंझना पकड़ों और इसे बजाते रहो। एसडीएम ने भी तुरंत विधायक का हाथ झटकते हुए उनसे दूरी बना ली। इसके बाद विधायक देवेंद्र हंस, हरदीप बदसुई, ओमप्रकाश बुधु, जगजीत सिंह, दीपक व पूर्व चेयरपर्सन प्रतिनिधि भगत सिंह भागल ने एसडीएम व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।