कैथल। जिले में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार सुबह गुहला क्षेत्र के गांव खरकां में पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया। डीएसपी गुहला हरदीप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में करीब 100 पुलिस कर्मचारियों की आठ टीमें शामिल रहीं। पुलिस ने गांवों में नशा तस्करों के करीब 12 घरों की तलाशी ली और अन्य संभावित ठिकानों पर भी जांच की। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने यह पता लगाने का प्रयास किया कि कहीं घरों या अन्य स्थानों पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों और आपराधिक मामलों में संलिप्तता को लेकर भी जांच की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बाइक मिलने पर पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया। कॉम्बिंग अभियान में एसएचओ गुहला इंस्पेक्टर शिव कुमार, सीआईए गुहला प्रभारी पीएसआई रवि और रामथली चौकी प्रभारी एएसआई राजेश की टीमें भी शामिल रहीं। ------- डीएसपी हरदीप सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ नशा तस्करों और अपराधियों पर दबाव बनाना है। पुलिस का लक्ष्य कैथल जिले को नशा मुक्त बनाना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशा बेचने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। पुलिस ने अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया और नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।