जींद। जलेबी चौक स्थित दंडी स्वामी गोशाला का सोमवार को चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट हरिओम महाराज मानिकुट पर्वत वाले ने दौरा किया। इस दौरान परमहंस स्वामी भी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा गोशाला को तोड़े जाने पर हरिओम जी महाराज ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन को ऐसा कदम उठाने से पहले संतों और गोभक्तों के साथ बातचीत करनी चाहिए थी। गोवंश की भूमि को खाली करवाने से पहले आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यह पूरी भूमि गोवंश के लिए है। भाजपा सरकार को गोशाला के मामले में गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि गोमाता के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही गोशाला को तोड़ा जा रहा है, जो उचित नहीं है। सरकार को गोवंश के संरक्षण और उनके रहने की व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए। हरिओम महाराज ने कहा कि रोहतक और भिवानी में पुलों के नीचे भी गौशालाएं संचालित हो रही हैं, जबकि जींद की यह गोशाला एकांत स्थान पर है और मुख्य सड़क से काफी दूर है। इसके बावजूद गौशाला को तोड़ने की कार्रवाई की गई। प्रशासन को इस मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पहले बातचीत करनी चाहिए थी। इस मौके पर गोभक्त एडवोकेट सतीश यादव जींद, एडवोकेट नरेंद्र अत्री, एडवोकेट आजाद सिंह सैनी, एडवोकेट विजय शर्मा, एडवोकेट मनोज शर्मा, हरियाणा यज्ञ सेना के अध्यक्ष नरेंद्र बाता, श्री श्याम निवास, पूर्व इंस्पेक्टर रविंद्र धनखड़ मौजूद रहे।