जींद। 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी उपासना यादव ने बुधवार को एसपी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह सीआईडी और एटीएस में एसपी के पद पर तैनात थीं। इसके अलावा वह दो बार कैथल की एसपी के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें पुलिस विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का अनुभव है। उपासना यादव के नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। इसके साथ ही नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस की प्राथमिकताओं में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल रहेगा। आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के साथ पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। पुलिस सेवाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। जिला पुलिस ने आमजन की सुरक्षा और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता से काम किया जाएगा।