लघु सचिवालय चौक के पास मंगलवार दोपहर किसान मोर्चा के धरने पर जा रहे दो किसान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब नरवाना से जींद की ओर जा रही एक प्राइवेट बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बस के नीचे जा फंसी और दोनों किसान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार घायल किसानों की पहचान ढाबी टेक सिंह निवासी मनीराम और फरैण खुर्द निवासी अलबेल सिंह के रूप में हुई है। दोनों किसान लघु सचिवालय में चल रहे धरने में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद किसान और राहगीरों ने तुरंत घायलों को संभाला और नरवाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। किसान नेता मास्टर बलबीर सिंह ने हादसे के लिए बंद पड़ी ट्रैफिक लाइटों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि चौक पर ट्रैफिक लाइटें तो लगी हुई हैं, लेकिन लंबे समय से बंद पड़ी हैं। यदि समय रहते उनकी देखरेख होती तो हादसे को टाला जा सकता था। किसान नेताओं ने प्रशासन से शहर की सभी बंद ट्रैफिक लाइटों को जल्द चालू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि खराब ट्रैफिक व्यवस्था के कारण शहर में लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।