जलेबी चौक के पास बनी अस्थाई नंदीशाला से गोवंश हटाने के प्रशासनिक प्रयास का गोभक्तों ने विरोध किया है। वीरवार को लघु सचिवालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने मांग की कि नंदीशाला खाली करवाने से पहले जिले की 377 एकड़ गोचारण भूमि को कब्जामुक्त करवाया जाए। चेतावनी दी कि गोवंश को हटाने से भविष्य में कोई स्थिति पैदा होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। एडवोकेट सतीश यादव, नरेंद्र अत्री, जितेंद्र अत्री, आरके जयहिंद, आजाद सैनी, सतीश सैनी, रोहित शर्मा और गोरक्षक अतुल चौहान ने बताया कि जलेबी चौक के पास अस्थाई नंदीशाला में करीब 200 से 250 गोवंश हैं। ये गोवंश चरने के लिए आसपास के खुले खेतों में जाते हैं। उनका कहना है कि जिले की मौजूदा गोशालाओं में पहले से ही बड़ी संख्या में गोवंश हैं और वहां अतिरिक्त गोवंश रखने की जगह नहीं है। शहर की सड़कों पर भी काफी बेसहारा गोवंश घूम रहा है, जिसे पहले गोशालाओं में भेजने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि जिस जगह अस्थाई नंदीशाला बनाई गई है, वह एनएचएआई की जमीन है। पहले यहां कूड़ा डाला जाता था और असामाजिक तत्व नशा करते थे। उनके अनुसार, परमहंस दंडी स्वामी ने साफ-सफाई करवाकर इस जगह को गोवंश के लिए तैयार किया था। ऐसे में प्रशासन को नंदीशाला खाली नहीं करवानी चाहिए। कई जिलों में चल रही है अस्थायी नंदीशाला एडवोकेट सतीश यादव ने कहा कि रोहतक में पुल के नीचे नंदीशाला चल रही है और भिवानी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एनएचएआई ने गोवंश के लिए अस्पताल बनवाया है। ऐसे में जींद में अस्थाई नंदीशाला हटाने का प्रयास समझ से परे है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन गोवंश को वहां से हटाना चाहता है तो पहले जिले की 377 एकड़ गोचारण भूमि को कब्जामुक्त करवाकर गोवंश के लिए उचित व्यवस्था करे। गोभक्तों का दावा है कि गोचारण भूमि पर सरकारी कार्यालय बने हुए हैं और कई जगह लोगों ने कब्जे कर रखे हैं।