उपमंडल स्तर पर लघु सचिवालय बादली में बृहस्पतिवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसडीएम विशाल कुमार ने आमजन की समस्याएं सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र से संबंधित रहीं। लोगों ने बताया कि पीपीपी में आय व अन्य त्रुटियों के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा कई गांवों की पंचायतें भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। पंचायती जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर कई सरपंचों ने एसडीएम से हस्तक्षेप की मांग की। इसी कड़ी में लाडपुर गांव के ग्रामीण गंदे पानी की निकासी की समस्या को लेकर एसडीएम से मिले। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जलभराव से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और निकासी का स्थायी समाधान किया जाए। समस्याएं सुनने के बाद एसडीएम विशाल कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए और लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।