शहर के भागलपुरी चौक पर शुक्रवार को अचानक बिजली का खंभा गिरने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। खंभा सड़क पर गिरने के कारण चौक से गुजरने वाले मार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और रास्ता वन-वे हो गया। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार भागलपुरी चौक के पास लगा बिजली का खंभा अचानक सड़क की ओर गिर गया। खंभा गिरते ही आसपास के क्षेत्र की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। गनीमत रही कि जिस समय खंभा गिरा, उस दौरान वहां कोई व्यक्ति या वाहन उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। खंभा सड़क पर गिरने के बाद दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को एक ही तरफ से निकलना पड़ा। इसके चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने इसकी सूचना बिजली निगम के कर्मचारियों को दी। बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों प्रवीण, अमित, मुकेश का कहना है कि शहर के व्यस्त चौक पर बिजली के खंभे गिरने से न केवल बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है बल्कि यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि बेरी के भागलपुरी चौक पर खंभा गिरने की सूचना मिली थी। तुरंत प्रभाव से बिजली की सप्लाई को बंद करवा दिया गया था और उसके बाद दोपहर बाद नया खंभा लगवा कर बिजली की सप्लाई भी सुचारू रूप से चालू करवा दी गई।