झज्जर। बहादुरगढ़-बादली रोड के बीच रोहतक-रेवाड़ी फ्लाईओवर पर मंगलवार को सड़क किनारे खड़े एक टैंपों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने टैंपो में रखे फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल विभाग की गाड़ी के मौके पर पहुंचने और आग पर काबू पाने से पहले टैंपो और उसमें रखा अधिकतर फर्नीचर जल गया। जानकारी के अनुसार टैंपो चालक गोपी सिंह और परिचालक गुरुग्राम से फर्नीचर का सामान लेकर झज्जर होते हुए हिसार की तरफ जा रहे थे। हिसार में संदीप कुमार शर्मा के घर यह फर्नीचर का सामान जाना था। इस दौरान बीच रास्ते में फ्लाईओवर के पास उन्होंने टैंपों को सड़क किनारे खड़ा किया और शौच के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान उन्होंने टैंपों से धुआं निकलता हुआ देखा। देखते ही देखते धुएं ने आग का रूप ले लिया और टेंपो में रखा फर्नीचर भी आग की चपेट में आ गया। इस घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टेंपो और उसमें रखा अधिकांश फर्नीचर जल गया, लेकिन कुछ सामान को बचाया गया। इस दौरान टैंपों में रखे बैड और सौंपा में आग लगी थी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग लगने के कारण वहां पर मौजूद किसी को जान की हानि नहीं हुई।