झज्जर। मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियाें दाखिले करने में अब केवल तीन दिन शेष है जबकि इनका निपटारा 28 अक्तूबर तक किया जाना है। उसके बावजूद मतदाता नोटिस मिलने के बाद भी सुनवाई के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 30 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां दाखिल की जा सकती हैं। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 28 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर को होगा। सुनवाई के दौरान सामने आ रहा है कि बुजुर्गों का रिकार्ड नहीं मिल पा रहा। अधिकतर 75 साल से ऊपर के बुजुर्ग अनपढ़ है और उनके पास कोई रिकार्ड नहीं है। ऐसे में अब बुजुर्गों से पेंशन के रिकार्ड भी मांगा जा रहा है। वहीं, बीएलओ बार-बार मतदाताओं को कॉल कर दस्तावेज लाने के लिए कह रहे हैं, लेकिन मतदाता नहीं आ रहे। बीएलओ ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कई मतदाता तो सीधा बोलते हैं कि जिसने वोट लेने हैं, वह खुद बाद में वोट बनवाकर देगा। वह दस्तावेज देने नहीं आएंगे, चाहे उनका वोट काट दो। आज भी सभी मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने के लिए जिला में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिला के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किया गया। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अपडेट मतदाता सूची तैयार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के साथ-साथ अपने विवरण की भी जांच करे। उन्होंने बताया कि रविवार 27 सितंबर को भी इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रह कर नागरिकों व छात्र मतदाताओं से मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।