बहादुरगढ़ स्थित इस्कॉन मंदिर में शनिवार को राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर के प्रभारी नित्यानंद आश्रय दास के नेतृत्व में विशेष पूजा-अर्चना, भजन एवं कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से राधारानी का गुणगान किया और संकीर्तन में भाग लिया। भजन-कीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। इस अवसर पर राधारानी की विशेष आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर प्रभारी नित्यानंद आश्रय दास ने राधा अष्टमी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को राधारानी की भक्ति और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति समर्पण का संदेश दिया।