झज्जर। गांव ढाकला में गत 12 जून को हुई फायरिंग गैंगवार का नतीजा था। गैंगवार के चलते हुई हत्या के मामले में एसटीएफ रोहतक और झज्जर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में दो मुख्य शूटर सागर जून उर्फ भोलू निवासी गांव नूना माजरा और पंकज निवासी गांव बराही को गुढ़ा फ्लाईओवर पर गिरफ्तार किया है। आरोपियों से उत्तर प्रदेश नंबर की बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान दोनों ने भागने का प्रयास किया, जिससे दोनों आरोपियों के पैरों में चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसटीएफ रोहतक के डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सागर के चाचा सुरेंद्र उर्फ गुल्लर की 20 अगस्त 2021 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या में विकास का नाम भी शामिल था। आरोपी सागर इसी हत्या का बदला लेना चाहता था। इसी रंजिश के चलते 12 अगस्त को विकास पर फायरिंग की गई थी, जिसमें ढाकला निवासी बलराम और रोहतक के रिटौली निवासी विकास को गोलियां लगी थी। इसमें बलराम की रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई थी जबकि विकास घायल हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ रोहतक की टीम ने विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि वारदात को आपसी पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया था। पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए। इसी कड़ी में एसटीएफ रोहतक टीम और झज्जर पुलिस ने 16-17 नवंबर की मध्यरात्रि को संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद दो मुख्य शूटरों को उत्तर प्रदेश नंबर की बोलेरो गाड़ी सहित काबू करने का प्रयास किया। पुलिस मामले में जांच की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों, हत्या की साजिश, आपराधिक नेटवर्क से जुड़े पहलुओं का पता लगाया जाएगा। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस कार्रवाई में शामिल एसटीएफ रोहतक एवं झज्जर पुलिस की टीमों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध, गैंगवार और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक वारदात को अंजाम देकर कानून से बच निकलने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।