हांसी में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन शाखा हांसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद यूनियन पदाधिकारी और कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता अजय कुंडु से मिले। कर्मचारियों ने बताया कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। सबसे बड़ी समस्या ढाई साल से TA और LTC के बिलों के भुगतान का लंबित होना है। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार अधिकारियों के समक्ष मांग रखने के बावजूद अभी तक बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा कर्मचारियों ने साबुन, डांगरी सहित अन्य जरूरी सुविधाओं और मांगों को भी जल्द पूरा करने की मांग उठाई।इस दौरान सिंचाई विभाग हांसी शाखा के प्रधान अशोक यादव ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर कार्यकारी अभियंता अजय कुंडु से मुलाकात की गई है। उन्होंने जल्द ही लंबित मांगों का समाधान करवाने का आश्वासन दिया है। यूनियन प्रधान अशोक यादव ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर इंतजार कर रहे हैं। यदि जल्द मांगें पूरी नहीं की गईं तो यूनियन की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।