इटर्नशिप भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) के वेटरनरी काॅलेज के विद्यार्थियों का धरना रविवार को 5वें दिन भी जारी रहा। विद्यार्थियों की मानें तो जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका यह धरना जारी रहेगा। वहीं विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मिला और उन्हें अपनी मांग के संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा। धरने पर बैठे विद्यार्थियों ने बताया कि इस मांग के संबंध में वे नवंबर 2024 से विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंप रहे हैं। इसके बावजूद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्हें भी एमबीबीएस व बीडीएस स्टूडेंट की तरह 24310 रुपये भत्ता मिलना चाहिए जबकि उन 17 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि वे वीसी डॉ. नरेश जिंदल, रजिस्ट्रार व डीन तक को ज्ञापन सौंप चुके हैं। नवंबर में ज्ञापन सौंपने के बाद उन्होंने इस साल मार्च में भी धरना दिया था, जिसके बाद उन्हें एक सप्ताह में समाधान का भरोसा दिलाया था। इसके बाद वह 15 अप्रैल को विश्वविद्यालय प्रशासन से मिले थे और उन्हें फिर से 23 अप्रैल का समय दिया गया है। मगर उन्होंने 15 से धरना शुरू कर दिया और मांगें पूरी न होने तक जारी रहेगा।