हांसी. पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर जिला पुलिस हांसी की ओर से पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के 154 वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस परेड के दौरान जवानों ने सलामी देकर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और उपायुक्त राहुल नरवाल ने शहीद सिपाही जस्सा राम की पत्नी छनो देवी, शहीद सिपाही टेकराम की पत्नी संतोष देवी, शहीद उपनिरीक्षक नरेंद्र की पत्नी आशा देवी तथा शहीद सिपाही प्रदीप कुमार की पत्नी कविता देवी को सम्मानित किया।इस दौरान शहीदों के परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और देश के प्रति समर्पण को याद किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि शहीद हमारे प्रेरणास्रोत हैं। युवा पीढ़ी को उनके जीवन, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने की जरूरत है। शहीदों के जीवन का अध्ययन करने से युवाओं में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और साहस के साथ ड्यूटी निभाते हैं। कई जवान देश और समाज की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दे देते हैं। उनका त्याग हमेशा याद रखा जाएगा। एसपी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर जवानों की कर्तव्यपरायणता और समर्पण की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की परवाह नहीं की। प्रत्येक पुलिसकर्मी को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।