हांसी विधायक विनोद भयाना ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की खेत-खलिहान योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों तक जाने वाले रास्तों को पक्का करने के कार्यों का उद्घाटन किया। इस कड़ी में हांसी हलके में लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। विधायक भयाना ने बताया कि अलग-अलग गांवों में करीब 40 से 43 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य होंगे। इसके अतिरिक्त, अनपुरा में लगभग 12 लाख रुपये तथा मेदा और जमावड़ी सहित अन्य गांवों में भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। ढाणा खुर्द गांव में लगभग 40 से 42 लाख रुपये की लागत से 16 एकड़ क्षेत्र में खेतों के रास्तों को पक्का किया जाएगा। विधायक के अनुसार, यह ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, क्योंकि यह क्षेत्र सेम प्रभावित होने के कारण बरसात के दौरान जलभराव से किसानों, आसपास के निवासियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी होती थी। विधायक विनोद भयाना ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हांसी हलके की मांगों को गंभीरता से लिया जाता है और उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि हांसी हलके में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पंचायत सहित विभिन्न विभागों में तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा हांसी को जिला बनाने के बाद इसे मॉडल जिला बनाने की घोषणा भी की गई है और इस दिशा में तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। फसल खराब होने और मुआवजे के संबंध में पूछे जाने पर विधायक भयाना ने कहा कि स्पेशल गिरदावरी के लिए नियम निर्धारित हैं और यदि किसी पूरे गांव में पानी भर जाता है तो जिला प्रशासन और डीसी स्तर पर संज्ञान लिया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में बरसात अपेक्षाकृत कम हुई है, लेकिन सेम के पानी के लंबे समय तक बने रहने के कारण किसानों की फसलों पर असर पड़ा है।