हिसार। सांसद जयप्रकाश ने कहा कि हरियाणा में वोट चोरी से भाजपा की सरकार बनी थी। लोकसभा चुनाव 2024 में मुझे हराने के लिए भी वोट चाेरी किए गए थे। मेरे डेढ़ लाख वोट की जीत कम होकर 65 हजार आ गई थी। विधानसभा 2024 में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा उसी समय सवाल उठाया था कि 7 प्रतिशत वोट कैसे बढ़ गए। वोट चोरी से हमारे विधायकों को हराया गया। वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे को लेकर हम सड़क से संसद तक हर जगह सवाल उठाएंगे। गांव की चौपाल में जाकर लोगों को सच बताएंगे। उनके साथ किए गए धोखे से अवगत कराएंगे। कांग्रेस भवन में बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए हिसार के सांसद जयप्रकाश ने प्रदेश में भाजपा की तीसरी बारी की सरकार के दो साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए। सांसद ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के 12 साल जनता बेहाल के स्लोगन के साथ हम अभियान चलाते हुए सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। भाजपा 76 वादे पूरे करने की झूठ बोल रही है। भाजपा ने महिलाओं, युवाओं, किसानों, बेरोजगारों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों सभी के साथ छल किया है। सरकार पूरे आंकड़ों के साथ बताए कि कौन सा वादा कैसे पूरा किया। सरकार को केवल घोषणाओं और प्रचार के आधार पर अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय धरातल पर हुए कार्यों का विवरण जनता के सामने रखना चाहिए। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में सभी महिलाओं को 2100रुपये देने का एलान किया था। अब इसे शर्ताें में फसा दिया है। आयुष्मान में 10 लाख रुपये तक के उपचार का एलान था लोगों को 5लाख का ही फायदा नहीं मिल रहा। युवाओं की 2 लाख सरकारी भर्ती में अब तक कुछ नहीं हुआ। 24फसलों को एमएसपी पर खरीदने का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार बताए कि हरियाणा में 24कौन सी फसल एमएसपी पर कहां और कितनी खरीदी जा रही है। ग्रुप ए व बी की नाैकरियों में बाहर के लोगों को लगाया जा रहा है। हरियाणा के पीएचडी, इंजीनियर, लॉ डिग्री, ग्रेजुएट युवाओं को ग्रुप डी में लगा कर उनका अपमान किया जा रहा है। एचपीएससी कार्यालय में 3करोड़ रुपये पकड़े जाने के बावजूद आयोग के सदस्यों, चेयरमैन पर कोई कार्रवाई नहीं होती, केवल कर्मचारियों को बलि का बकरा बना दिया जाता है। शिक्षण संस्थानों से लेकर हर एक बड़े पद पर आरएसएस के लोगों को लगाया जा रहा है।सांसद जयप्रकाश ने कहा कि देश का जेनजी सरकार से सवाल पूछ रहा है सरकार सवाल पूछने पर युवाओं को जेल भेज रहा है। गीता भुक्कल ने उठाए छात्रवृत्ति और अनुसूचित समाज के अधिकारों के मुद्दे झज्जर की विधायक एवं जिला पर्यवेक्षक गीता भुक्कल ने विद्यार्थियों, अनुसूचित जाति के परिवारों और समाज के वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है। राशि मिलने में देरी होने से विद्यार्थियों को फीस, किताबों और अन्य शैक्षणिक खर्चों का प्रबंध करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि पात्र विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति लंबित क्यों है और उन्हें इसका लाभ कब तक मिलेगा। सवालों का जवाब दे सरकार जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने कहा कि भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल का मूल्यांकन जनता की समस्याओं और चुनावी वादों के आधार पर किया जाना चाहिए। सरकार ने केवल कागजाें में ही काम किया है। जमीनी स्तर पर सरकार ने कुछ नहीं किया। सरकार लोगों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है। जिले में जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा उकलाना विधायक नरेश सेलवाल विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि “वोट बचाओ, देश बचाओ” कार्यक्रम के तहत 1 नवंबर काे दिल्ली के रामलीला मैदान में देश भर के लोग जुटेंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इसे संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए। इस मौके पर नलवा से प्रत्याशी रहे अनिल मान ,पूर्व जिला परिषद चेयरमैन राजेंद्र सूरा एससी जिला अध्यक्ष शहरी सोनू लंकेश, युवा जिला अध्यक्ष ग्रामीण सोवीन भाटला, युवा जिला अध्यक्ष शहरी विकास ढांडा, जिला पार्षद कर्मकेश कुंडू, हरफूल खान भट्टी सहित अन्य उपस्थित रहे।