फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छठी मैया के जयकारों के बीच आज उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, 36 घंटे के निर्जल व्रत का होगा पारण

हिसार। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ रविवार शाम को लोक आस्था के महापर्व छठ का तीसरा दिन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। जिंदल पार्क सरोवर सहित पूजा स्थलों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। कोई नंगे पांव सूप और दउरा लेकर घाट पहुंचा तो किसी ने अपनी मन्नत पूरी होने पर दंडवत करते हुए घाट तक पहुंचकर छठी मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। अब सोमवार सुबह करीब छह बजे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती 36 घंटे के निर्जल व्रत का पारण करेंगे। छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के लिए रविवार सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने स्नान कर पूजा की तैयारियां कीं और बांस के सूप व दउरा में ठेकुआ, चावल के लड्डू, केला, नारियल, गन्ना, मूली, अदरक और अन्य मौसमी फल सजाए। गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार ठेकुआ को विशेष रूप से प्रसाद के रूप में रखा गया। शाम को व्रती परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में घाटों पर पहुंचे। कई श्रद्धालु नंगे पांव पूजा सामग्री लेकर पहुंचे तो कुछ श्रद्धालु दंडवत करते हुए घाट तक आए। सरोवर के जल में खड़ी महिलाओं ने हाथ जोड़कर सूर्य देव की उपासना की और जल व दूध से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। पूरी रात घरों में गूंजेंगे छठी मैया के गीत छठ के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के बाद अब चौथे और अंतिम दिन की तैयारियां होंगी। व्रती पूरी रात छठी मैया की आराधना और सुबह के अर्घ्य की तैयारी में जुटे रहेंगे। घरों में पूजा की सामग्री व्यवस्थित की जाएगी। सूप और दउरा में प्रसाद सजाकर रखा जाएगा। छठ पूजा में ठेकुआ, फल, नारियल और गन्ने का विशेष महत्व है। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी व्रतियों की सेवा और पूजा की तैयारियों में सहयोग करेंगे। छठ के पारंपरिक गीतों के माध्यम से सूर्य देव और छठी मैया की महिमा का गुणगान किया जाएगा। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरी होगी पूजा सोमवार सुबह चौथे दिन व्रती सूर्योदय से पहले ही घाटों पर पहुंच जाएंगे। इसके बाद सरोवर और घाटों के जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य की प्रतीक्षा करेंगे। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही व्रती 3 बार जल और 4 बार दूध से अर्घ्य अर्पित करेंगे। सूप में रखे ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद के साथ सूर्य देव तथा छठी मैया की विधिवत पूजा की जाएगी। व्रती संतान की लंबी आयु, परिवार की खुशहाली और घर में सुख-शांति की कामना करेंगे। इसके बाद छठी मैया को प्रणाम कर परिवार के सदस्यों का आशीर्वाद लिया जाएगा और प्रसाद वितरण के साथ 36 घंटे के निर्जल व्रत का पारण होगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें