फतेहाबाद। शहर के वाल्मीकि चौक पर मंगलवार देर रात को लोगों से कथित अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने डायल 112 पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इनमें ईएचसी दिलबाग, ईएचसी अनूप और एसपीओ धर्मबीर शामिल हैं। आरोप है कि डायल 112 की गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने वहां बैठे लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। लोगों ने पुलिसकर्मियों पर नशे की हालत में होने का आरोप भी लगाया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। घटना फतेहाबाद के वाल्मीकि चौक की है। यहां कुछ लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। आरोप है कि गाड़ी से उतरे पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके नशे में होने का आरोप लगाया। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और लोगों ने हंगामा किया। कंट्रोल रूम में दी सूचना, मौके पर पहुंची टीम घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 के नियंत्रण कक्ष में दी। सूचना मिलने के बाद दूसरी टीम मौके पर पहुंची और कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों को वहां से अपने साथ ले गई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंची। एसपी ने लिया संज्ञान, जांच के निर्देश पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार का कहना है कि मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने ईएससी दिलबाग, ईएचसी अनूप और एसपीओ धर्मबीर को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। अब जांच के दौरान घटना से जुड़े तथ्यों और लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।