विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता मुकेश कुमार के निलंबन के विरोध में समस्त जेई व एरिया इंचार्ज लामबंद हो गए हैं। इस संबंध में कार्यकारी अभियंता के कार्यालय के समक्ष नारेबाजी करते हुए वर्क सस्पेंड रखा गया। इस दौरान कार्यकारी अभियंता को लिखित ज्ञापन सौंपा गया है। इस ज्ञापन में निलंबन को गलत और अनुचित बताया गया है। यह जानकारी प्रधान रामनिवास व सुशील खिच्चड़ ने दी। ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्य अभियंता (ऑपरेशन) हिसार द्वारा एक सितंबर को जेई मुकेश कुमार को निलंबित किया गया है। उपलब्ध तथ्यों के अनुसार यह कार्रवाई एकतरफा व प्राकृतिक न्याय के विपरीत है। जेई ने राजकीय कृत व्यवसाय का निर्वहन करते हुए विभागीय हित में कार्य किया था, बावजूद इसके बिना निष्पक्ष जांच और बिना पक्ष सुने कार्रवाई की गई, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों ने मांग की है कि निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो लगातार कार्य का बहिष्कार जारी रखते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।