रतिया। सोशल मीडिया पर सिख धर्म एवं धार्मिक हस्तियों के प्रति आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी किए जाने के मामले को लेकर क्षेत्र के सिख समाज में रोष फैल गया है। मामले को लेकर ग्रंथी सभा (हरियाणा) के स्टेट प्रधान ज्ञानी हाकम सिंह के नेतृत्व में गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी व सिख संगत के एक प्रतिनिधिमंडल ने शहर थाना पहुंचकर डीएसपी कुलवंत सिंह को लिखित शिकायत सौंपी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत लेने में देरी होने पर संगत ने विरोध स्वरूप शहर थाना परिसर में ही दरी बिछाकर धरना-सा माहौल बना दिया। हालांकि इसी दौरान मौके पर डीएसपी कुलवंत सिंह पहुच गए जिस पर सिख संगत ने उन्हे अपनी शिकायत सौंप कर कार्यवाही की मांग की डीएसपी को सौंपी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव मिराना निवासी धर्मपाल बर्तिया जो रास्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन का अध्यक्ष बताता है ने सोशल मीडिया पर सिख समाज, श्रीअकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह और भाई जगतार सिंह हवारा को लेकर आपत्तिजनक, अभद्र व धमकी भरे पोस्ट प्रसारित कर रहा है। इससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और क्षेत्र में शांति व्यवस्था व सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का अंदेशा बना हुआ है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति के सोशल मीडिया अकाउंट पर हथियारों से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री भी मौजूद है, जिसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। इस मौके पर ग्रंथी सभा प्रधान ज्ञानी हाकम सिंह के साथ गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्य इकबाल सिंह, काका सिंह, गुरमैल सिंह, गुरचरण सिंह, फते सिंह भुलर, जरनैल सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख संगत मौजूद रही। प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तुरंत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।