पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली ने अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लगाए जा रहे निशुल्क नेत्र जांच शिविर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। भारतीय जनता पार्टी पूरे देश और हरियाणा प्रदेश में इस दिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में धूमधाम से मना रही है। इसी उपलक्ष्य में उनकी संस्था सोच, दादा साहब कैप्टन राम सिंह जी ट्रस्ट की ओर से सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बबली ने बताया कि उनका संगठन लंबे समय से गोहाना में समाज सेवा के कार्य करता आ रहा है। संगठन के सभी साथियों ने मिलकर फैसला लिया है कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा पखवाड़ा के तहत निशुल्क आंखों का चेकअप कैंप लगाया जाएगा। इस कैंप में हलका वासियों, बुजुर्गों, माताओं-बहनों, युवा साथियों और बच्चों तक की आंखों की जांच की जाएगी। डॉक्टर की सलाह पर जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां और चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे। जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उनके ऑपरेशन भी संस्था द्वारा निशुल्क करवाए जाएंगे। पूर्व मंत्री ने बताया कि शिविर की शुरुआत 17 सितंबर से होगी। डॉक्टरों की टीम सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जांच करेगी। शिविर का स्थान उनके गांव स्थित निवास स्थान पर बने सेवा स्थल कार्यालय में रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर इस सेवा शिविर का लाभ उठाएं।