फतेहाबाद/भूना। त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को भूना में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों और प्रतिष्ठानों से छह खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि राठी ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीम ने बुधवार को एक डेयरी से मिश्रित दूध, देसी घी और पनीर के नमूने लिए। इसके अलावा एक मिठाई की दुकान से खोया बर्फी और बेसन के लड्डू का नमूना लिया गया। वहीं, एक रसगुल्ला निर्माण इकाई से रसगुल्ले का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि राठी ने दुकानदारों से अपील की कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और खाद्य कारोबार के लिए जरूरी लाइसेंस बनवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करते पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।