फतेहाबाद। नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को सेवा सेतु संकल्प के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए शिविर लगाया गया। लेकिन शिविर प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ गया। प्रशासन ने शिविर पर खर्चा किया, 27 विभागों के 70 कर्मचारी दिनभर बैठे रहे लेकिन 50 लाभार्थी भी नहीं पहुंच पाए। हालात ये रहे कि कुर्सियों के ढेर दोपहर तक जैसे के तैसे ही पड़े रहे। वजह ये रही कि प्रशासन की तरफ से प्रचार ही नहीं किया गया। प्रचार के अभाव में शहरवासियों को शिविर के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। हालात ये रहे कि जनता तक सरकारी योजनाओं के सीधे लाभ पहुंचाने के दावे सोमवार को हवा-हवाई नजर आए। शिविर में आने वाले लोगों का रिकॉर्ड रखने और उन्हें सही जगह तक पहुंचाने के लिए मुख्य द्वार के पास पंजीकरण काउंटर बनाया गया। सुबह 9 बजे शिविर शुरू हुआ और दिन भर कर्मचारी मोबाइल पर व्यस्त रहे और समय काटते नजर आए।