फतेहाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर फतेहाबाद के राजकीय विश्वविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नाम दीप प्रज्वलित उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व विधायक दूड़ाराम, जिला अध्यक्ष परवीन जोड़ा, जिला प्रशासन के अधिकारी व आम नागरिक मौजूद रहे। वहीं टोहाना में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ टोहाना उपमंडल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज हुआ। नए बस अड्डा परिसर में आयोजित उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। दीये की रोशनी के साथ ही सेवा और जनभागीदारी के इस संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए आगामी एक माह तक चलने वाली विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की भी शुरुआत हुई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि सेवा केवल कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संस्कार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ी रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का माध्यम है।