गांव पिरथला में बिजली घर की चारदीवारी में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने पर ग्राम पंचायत ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों के विरोध के बाद काम बंद करा दिया गया है। गांव के सरपंच रामकुमार ने बताया कि बिजली निगम द्वारा लगभग 82 लाख रुपये की लागत से चारदीवारी का निर्माण करवाया जा रहा है। यह कार्य परवीन कुमार की फर्म द्वारा किया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा आरकेबी मार्का घटिया ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो हाथ लगाते ही टूट रही हैं। ग्राम पंचायत ने बताया कि निर्माण सामग्री गुणवत्ता मानकों के अनुसार नहीं है। घटिया ईंटों से चारदीवारी की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। काम रोकने के लिए कहने के बावजूद ठेकेदार और संबंधित अधिकारी काम जारी रखे हुए थे, जिससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली निगम की मिलीभगत से भ्रष्टाचार हो रहा है। ग्राम पंचायत ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि मौके पर आकर निर्माण सामग्री की जांच करवाई जाए और दोषी ठेकेदार व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों को भी भेजी गई है।