फतेहाबाद। जातीय जनगणना की मांग को लेकर कांग्रेस ने रविवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश ने किया। प्रदर्शन में विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया सहित कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा कांग्रेस नेता मुकेश प्रजापति ने कहा कि जातीय जनगणना पिछड़ा वर्ग का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित जनगणना फार्म में ओबीसी का कॉलम शामिल नहीं है। कांग्रेस की मांग है कि जनगणना फार्म में प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट कोड और मानकीकृत सूची का प्रावधान किया जाए, ताकि विभिन्न जातियों की वास्तविक आबादी का पता चल सके। इससे आबादी के अनुपात में कल्याणकारी नीतियां बनाने में मदद मिलेगी। कांग्रेस नेताओं ने जातीय जनगणना को सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।