नशामुक्ति सेना के सहयोग से आयोजित से नमो लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ डेरा बाबा भूमण शाह के गद्दीनशीन महंत बाबा ब्रह्म दास महाराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सद्मार्ग पर लाने के लिए खेलों को महत्वपूर्ण माध्यम बताया। बाबा ब्रह्म दास जी महाराज ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने नशामुक्ति सेना के अध्यक्ष भवानी सिंह के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए कहा कि जिस निस्वार्थ भाव से वह इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं, वह अब एक व्यक्ति या टीम तक सीमित नहीं रही, बल्कि कारवां बन चुकी है। उन्होंने भवानी सिंह को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास निश्चित रूप से एक दिन सफल होगा। नशामुक्ति सेना के अध्यक्ष भवानी सिंह ने बताया कि नमो लीग उत्तर भारत की बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में सबसे अधिक टीमों का पंजीकरण फतेहाबाद में हुआ है। उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि फतेहाबाद में क्रिकेट मुकाबले लगातार पांच दिन आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गांव ब्राह्मणवाला और दिगोह इलेवन के बीच खेला गया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 31 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कार्यक्रम में एमएम कॉलेज के प्रधान राजीव बत्रा, सचिव विनोद मेहता, प्राचार्य गुरचरण दास, व्यापार मंडल प्रधान रमेश तनेजा, नरेश टीटू, मंगल मित्तल, गुरदीप अयालकी, कृष्ण परचा, गुलशन दरियापुर, धर्मपाल चावला, ललित ठाकुर, अनिल ठाकुर, हरपाल बेनीवाल और कर्ण सरपंच सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।