पुलिस चौकी बस अड्डा की टीम ने मंदिर के दानपात्र से नकदी चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अनमोल निवासी कीर्ति नगर, फतेहाबाद को काबू किया है। आरोपी के कब्जे से 21,044 रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस चौकी बस अड्डा फतेहाबाद प्रभारी उप निरीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि विकास कुमार निवासी कृष्णपुरा मोहल्ला, फतेहाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह नीलकंठ वैष्णो भोजनालय चलाता है और उसके ढाबे के साथ नीलकंठ महादेव मंदिर स्थित है। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दान के लिए दानपात्र रखा हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार 8 सितंबर की शाम पूजा-पाठ के बाद मंदिर के गेट पर ताला लगाया गया था। 9 सितंबर की सुबह मंदिर पहुंचने पर गेट का ताला टूटा मिला तथा दानपात्र मंदिर से बाहर पड़ा था। दानपात्र का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अनमोल को काबू कर चोरी की रकम 21,044 रुपये बरामद किए हैं।