चरखी दादरी। बाढड़ा-सतनाली मार्ग पर गांव हंसावास कलां के पास वीरवार रात बाइक पेड़ से टकराने के बाद आग लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक दिल्ली से अपने घर राजस्थान जा रहा था। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, राजस्थान के चूरू जिले के गांव मलसर डोगासर निवासी लालसिंह दिल्ली के वैशाली नगर स्थित फर्नीचर फैक्टरी में काम करता था। वीरवार रात वह पल्सर बाइक से घर लौट रहा था। हंसावास कलां के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। बैग में मिला आधार कार्ड खेत की ओर जा रहे एक किसान ने हादसा देखकर दमकल विभाग और आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। जांच अधिकारी एचसी मुकेश के अनुसार, मृतक के दो बैगों में से एक जल गया, जबकि दूसरा सुरक्षित बच गया। उसमें मिले आधार कार्ड और बाइक के पंजीकरण नंबर से उसकी पहचान हुई। ताऊ के बयान पर कार्रवाई बाढड़ा पुलिस ने मृतक के ताऊ महेंद्र के बयान दर्ज किए। इसके बाद नागरिक अस्पताल, चरखी दादरी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।