नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को झाड़ू प्रदर्शन किया और सरकार की कार्यशैली पर रोष जताया। उनका आरोप है कि कर्मचारियों की 21 सूत्रीय मांगों के लिए किए वादे से सरकार मुकर रही है और केवल आश्वासन देकर कर्मचारियों को रोक रही है। बता दें कि मंगलवार सुबह कर्मचारियों ने शहर में सफाई की। इसके बाद सुबह 10.30 बजे सभी कर्मचारी नगर परिषद परिसर में एकत्र हुए। यहां पर सभी ने अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और रोष जाहिर किया। इसके बाद कर्मचारी नारेबाजी करते हुए नगर परिषद कार्यालय में पहुंचे और सचिव गौरव कुमार को ज्ञापन सौंपकर मांगे पूरी कराने की अपील की। वहीं, गौरव कुमार ने कर्मचारियों को नगर परिषद के स्तर पर होने वाली समस्याओं का तुरंंत समाधान होगा जबकि अन्य समस्याओं के लिए ज्ञापन को मुख्यालय भेजा जाएगा। कर्मचारी यूनियन जिला प्रधान सूरज कुमार ने बताया कि सरकार की उनकी मांग को अनदेखा कर रही है। अगर सरकार जल्द उनकी मांगे नहीं मानेगी तो अगर कर्मचारी काम छोड़कर अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इसके बाद शहर में कचरे ढेर लगेंगे तो इसकी जिम्मेदार सरकार स्वयं होगी। एकेआरएन के तहत कर्मचारी लगे हैं उनकी 27 हजार कर्मचारियों की घोषणा की थी, उनको 58 साल की गारंटी दी जाए। ठेकेदारी प्रथा खत्म हो, ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के 26 हजार की गारंटी भी दी जाए। अगर सरकार जल्द मांग पूरी नहीं करेगी तो 9 जुलाई को कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे।