चरखी दादरी। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वैश्य स्कूल से शुरू हुई शोभायात्रा पुरानी अनाज मंडी, अग्रसेन धर्मशाला, आश्रम रोड और लाला लाजपत राय चौक से होकर गुजरी। इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की ओर से आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में विभिन्न संस्थाओं और समाजसेवी संगठनों ने भागीदारी की। झांकियों के माध्यम से सामाजिक एकता और जनकल्याण के संदेश प्रस्तुत किए गए। यात्रा मार्ग पर विभिन्न संगठनों की ओर से स्टाल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के दौरान शहर में उत्साह का माहौल रहा। महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए जयंती समारोह में सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और सेवा भावना का संदेश दिया गया। शोभायात्रा के माध्यम से लोगों ने महाराजा अग्रसेन के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।