भिवानी। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉई एसोसिएशन के आह्वान पर अब रविवार तक राष्ट्रीयकृत बैंक बंद रहेंगे। शुक्रवार को भिवानी में बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रही वहीं नकद रुपया के लिए एटीएम भी खाली हो गए। इस दौरान कर्मचारियों ने एकत्रित होकर अपनी मांगों को लेकर बैंक शाखा के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। वहीं भिवानी शहर में मार्च भी निकाला। कर्मियों की हड़ताल के चलते बैंकों के गेट पर ताला बंद रहा वहीं हड़ताल का नोटिस भी चस्पाया गया। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉई एसोसिएशन और भिवानी के सचिव सत्यशील कौशिक, पवन घनघस व कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल की है। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे मुख्य मांग 5 दिवसीय वर्किंग की है। वर्ष 2023 में इंडियन बैंकिंग एसोसिएशन के साथ समझौता हुआ था, लेकिन सरकार ने अभी तक इसका नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है और तीन साल से लटकाए हुए है। परफॉर्मेंस लिंक इंसेंटिव का भी समझौता हुआ था। समझौते के अनुसार बैंक के लाभ कमाने पर सभी कर्मचारियों को बराबर इंसेंटिव मिलना चाहिए था। लेकिन सरकार ने भेदभाव व कर्मचारियों को बांटने का प्रयास किया। सीनियर मैनेजर रैंक तक के कर्मचारियों को केवल 15 दिन का इंसेंटिव दिया, जबकि उच्च अधिकारियों को एक-एक साल का वेतन इंसेंटिव के रूप में दिया जा रहा है। --------------------------------------------------- अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी बैंक कर्मियों ने चेतावनी बैंक कर्मियों ने कहा कि कर्मचारियों ने एक दिवसीय हड़ताल की गई है। अगर उनकी मांग नहीं मानी जाती है, तो 15 दिन के बाद 26 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। यदि फिर भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो अक्तूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। -------------------------------------------------------- हड़ताल से प्रभावित हुआ करोड़ों का करोबार बैंक 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेंगे। हालांकि कर्मचारियों की एक दिवसीय हड़ताल है। लेकिन तीन दिन राष्ट्रीयकृत बैंक बंद रहने का सीधा असर कारोबार पर भी पड़ा है। लाखों और करोड़ों का ऑनलाइन लेन-देन करने वालों का काम भी ठप रहा वहीं बैंकों में हर तरह की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हुई। इसके अलावा पेंशनर्स सहित अन्य बैंक संबंधी कार्य के लिए आने वाले लोग भी दिनभर भटकते रहे। जबकि शहर में बड़े कारोबारियों को भी हड़ताल के चलते परेशानी झेलनी पड़ी। ---------------------------------------------------------