दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर लोहारू की नई सब्जी मंडी के पास शुक्रवार रात सड़क हादसे में मार्केट कमेटी भिवानी में नीलामी सहायक लेखक के पद पर कार्यरत महाबीर प्रसाद उर्फ भोला राम वर्मा (53) की मौत हो गई। हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि महाबीर प्रसाद भिवानी से ड्यूटी पूरी कर अपने गांव लोहारू लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार महाबीर प्रसाद उर्फ भोला राम वर्मा पुत्र जगदीश निवासी लोहारू अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद लोहारू की ओर लौट रहे थे। जब वह दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर नई सब्जी मंडी के पास पहुंचे तो लोहारू की तरफ से भिवानी की ओर जा रहे एक कैंटर वाहन से अज्ञात कारणों के चलते उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर लोहारू पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महाबीर प्रसाद को उपचार के लिए लोहारू के उप नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा कैंटर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। रामलीला में निभाते थे बाली का किरदार मिली जानकारी के अनुसार महाबीर प्रसाद उर्फ भोला राम वर्मा मिलनसार एवं सामाजिक स्वभाव के व्यक्ति थे। वह लोहारू आदर्श रामलीला समिति से भी लंबे समय से जुड़े हुए थे। रामलीला मंचन के दौरान वह कई वर्षों से बाली का किरदार निभाने के साथ-साथ विभिन्न मनोरंजन कार्यक्रमों में भाग लेते थे और अपने अभिनय से लोगों का मनोरंजन करते थे। महाबीर प्रसाद के निधन की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जो बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे के बाद परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है।