भिवानी। चौ. बंसीलाल जिला नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब ओपीडी की पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल में ओपीडी पंजीकरण और फीस भुगतान की प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जा रहा है। इससे मरीज घर बैठे ही ओपीडी के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे और उन्हें टोकन नंबर के साथ डॉक्टर से मिलने का समय भी मिल सकेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अस्पताल की सेवाओं को डिजिटल बनाया जा रहा है। 17 अक्टूबर से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू होगी। इसके अलावा मरीजों की सुविधा के लिए कैशलेस भुगतान की व्यवस्था भी लागू की जा रही है। मरीज अस्पताल में क्यूआर कोड स्कैन करके अपने मोबाइल से फीस का ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सर्दियों के मद्देनजर अस्पताल की ओपीडी के समय में भी बदलाव किया गया है। 16 अक्टूबर से ओपीडी सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे के बजाय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। उन्होंने आमजन से नई ऑनलाइन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। -------------------------------------------------------- बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति रहें सतर्क सीएमओ डॉ. शांडिल्य ने बदलते मौसम में सांस संबंधी बीमारियों, खांसी, जुकाम और निमोनिया से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खांसते और छींकते समय मुंह व नाक को ढकें, नियमित रूप से हाथ धोएं तथा भीड़भाड़ वाली जगहों पर उचित दूरी बनाए रखें। बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर दूसरों के संपर्क में आने से बचें और बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयां या एंटीबायोटिक न लें।