बहल में तालाब में डूबने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजित पुत्र मुकेश निवासी बहल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक की मौत तालाब में पैर फिसलने के कारण हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार, अजित एक दिन पहले घर से बाजार जाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन जोहड़ के पास उसकी चप्पलें मिलने पर मामले का पता चला। इसके बाद गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश की गई। सूचना मिलने पर जांच अधिकारी उगरसेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मृतक अजित मजदूरी करके परिवार का सहयोग करता था। वह अविवाहित था और परिवार में सबसे बड़ा बेटा था। उसके परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन हैं। उसके पिता मुकेश भी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने लोहारू के उपनागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी उगरसेन के अनुसार, मृतक के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।